शायद मौसम बदलने पर धूप आएगी, उसको ऐसा लगता था । गर्मियां खत्म हो गई, सर्दियां आ गई लेकिन धूप सर्दियों में भी नहीं आई ।
वन रूम किचन । छोटे से गांव के बड़े से आंगन वाले घर से निकलकर अब यही उसका घर था । एक ठंडा अंधेरा कमरा । बिल्कुल उसके प्रेम विहीन रिश्ते के जैसे ।
इन दोनों में रहते इसको 15 महीने हो चले थे ।
इसी अंधेरे कमरे में उसकी कोख में एक अंकुर फूटा तो चंदा ने जी जान से उसे प्यार किया । कल चंदा ने अस्पताल में एक बेटे को जन्म दिया है । चंदा ने उसका नाम सूर्य रखा है ।